रांची

भूमि शुद्धि के साथ पंचकल्याणक महोत्सव का आगाज़, 30 मार्च को महावीर जयंती की तैयारी शुरू


रांची : जैन समाज के लिए पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव एक अत्यंत पावन अवसर होता है, जिसमें तीर्थंकर भगवान के पाँच कल्याणकों — गर्भ, जन्म, तप, ज्ञान और मोक्ष — का उत्सव मनाया जाता है।
रांची में आगामी 1 अप्रैल से 6 अप्रैल 2026 तक भव्य पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन परम पूज्य संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य, गुणायतन प्रणेता मुनिवर श्री प्रमाणसागर जी महाराज (ससंघ) के मंगल सानिध्य में संपन्न होगा।
इस भव्य आयोजन के लिए जेल रोड स्थित बिरसा मुंडा फन पार्क को स्थल के रूप में चयनित किया गया है। आयोजन की तैयारियों के तहत स्थल पर भूमि शुद्धि एवं वेदी शिलान्यास का कार्यक्रम आज आदरणीय प्रतिष्ठाचार्य श्री अभय भैया जी (इंदौर) के सानिध्य में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जैन समाज के सभी सदस्यों ने उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त किया। अनुष्ठान क्रिया संपन्न कराने में अध्यक्ष प्रदीप बाकलीवाल, मंत्री जितेंद्र छाबड़ा, मनोज काला, धर्मेंद्र छाबड़ा, प्रदीप काला, विकास जैन, अरविंद जी शास्त्री सहित कई समाजसेवियों का विशेष योगदान रहा।
जैन धर्म के चौबीसवें तीर्थंकर भगवान महावीर का जन्म कल्याणक इस वर्ष पूरे भारत में 30 मार्च को मनाया जाएगा। इस अवसर पर रांची वासियों को मुनिश्री का सानिध्य प्राप्त होगा।
यह जानकारी मीडिया प्रभारी राकेश काशलीवाल ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *