पलामू : ओमप्रकाश सिंह हत्याकांड में तीन आरोपित गिरफ्तार, एक विधि-विरुद्ध बालक संरक्षण में
-हुसैनाबाद में विधायक आवास के समीप हुई थी हत्या, पुलिस ने मोबाइल फोन किए बरामद
पलामू, 16 सितंबर (हि.स.)। पलामू जिले के हुसैनाबाद में विधायक आवास के समीप हुई ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह हत्याकांड में पुलिस ने एक नामजद समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक विधि-विरुद्ध बालक को भी संरक्षण में लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दिव्यांश शुक्ल ने बुधवार को बताया कि तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
एसडीपीओ के अनुसार, दो सितंबर की रात करीब 8:30 बजे कचरा गांव निवासी ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद हुसैनाबाद थाना में कांड संख्या 186/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को टीम ने तकनीकी जानकारी और संभावित ठिकानों के आधार पर छापेमारी कर प्राथमिकी अभियुक्त साकेत पाठक (25) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों और संदेहियों के नाम के आधार पर पुलिस ने अप्राथमिकी अभियुक्त अंकित कुमार (21) और अमन सिंह (19) को भी गिरफ्तार किया। एक विधि-विरुद्ध बालक को भी संरक्षण में लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ के दौरान हत्याकांड से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस इन सुरागों के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक सह हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक छत्रधारी कुमार (कांड अनुसंधानकर्ता), पुलिस अवर निरीक्षक राजू कुमार गुप्ता (देवरी ओपी प्रभारी), पुलिस अवर निरीक्षक वीरेंद्र कुमार महतो (दंगवार पिकेट प्रभारी), पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह (लठेया पिकेट प्रभारी) तथा सहायक अवर निरीक्षक साकेत कुमार शामिल रहे।
