पाकुड

आरओबी और जलमग्न अंडरपासों पर 10 दिन में फैसला नहीं तो आंदोलन : किसान ब्रिगेड

मोहम्मदगंज के डाली गांव में फुट ओवरब्रिज की जगह भारी वाहनों के लिए आरओबी बनाने की मांग, नौ अंडरपासों में जलनिकासी की व्यवस्था करने की उठाई आवाज

पलामू, 26 नवंबर। किसान ब्रिगेड ने रेलवे प्रशासन को चेतावनी दी है कि आरओबी निर्माण और जलमग्न अंडरपासों की समस्या पर 10 दिनों के भीतर निर्णय नहीं लिया गया, तो जपला रेलवे स्टेशन पर एकदिवसीय शांतिपूर्ण धरना दिया जाएगा। गुरुवार को किसान ब्रिगेड के संरक्षक एवं पूर्व कर्नल (डॉ.) संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जपला स्टेशन पर सुरक्षा निरीक्षण के लिए पहुंचे पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के मुख्य सुरक्षा अधिकारी युगेश कुमार को ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान चीफ साइट ऑफिसर मुकेश कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) और रेलवे की सुरक्षा निरीक्षण टीम भी मौजूद थी। प्रतिनिधिमंडल ने मोहम्मदगंज के डाली गांव के पास रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज (एफओबी) की योजना रद्द कर वहां रेल ओवरब्रिज (आरओबी) बनाने की मांग की। ब्रिगेड का कहना है कि आरओबी का निर्माण इस तरह हो कि एंबुलेंस, स्कूल बस, ट्रैक्टर, दमकल वाहन और मालवाहक भारी वाहन आसानी से गुजर सकें।

नौ अंडरपासों में जलभराव का मुद्दा उठाया

प्रतिनिधिमंडल ने महुअरी रेल अंडरपास संख्या 39 ई समेत क्षेत्र के नौ अंडरपासों में जलभराव की समस्या को गंभीर बताते हुए स्थायी जलनिकासी और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था करने की मांग की। इसके अलावा महुअरी में वाहनों के आवागमन योग्य आरओबी बनाने तथा रेल पटरी पर दुर्घटना में दिवंगत सेवानिवृत्त शिक्षक एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अवधेश सिंह के आश्रितों को 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग भी दोहराई।

एक महीने बाद भी नहीं मिला लिखित जवाब

किसान ब्रिगेड के अनुसार, इन मांगों को लेकर 26 अक्टूबर 2026 को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) के नाम जपला स्टेशन मास्टर को ज्ञापन सौंपा गया था। रेलवे प्रशासन को कार्रवाई के लिए एक महीने का समय दिया गया था, लेकिन अवधि पूरी होने के बाद भी कोई लिखित जवाब नहीं मिला।

नए ज्ञापन के माध्यम से रेलवे प्रशासन से 10 दिनों के भीतर मांगों पर निर्णय लेकर लिखित जानकारी देने को कहा गया है। निर्धारित अवधि में सकारात्मक पहल नहीं होने पर जपला रेलवे स्टेशन पर शांतिपूर्ण धरना दिया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में किसान ब्रिगेड के मुख्य संरक्षक एवं एनसीपी के राष्ट्रीय सचिव सच्चिदानंद सिंह, वरिष्ठ नेता बद्री नारायण सिंह और मीडिया प्रभारी मनोहर सिंह शामिल थे। मौके पर रामाश्रय सिंह, रंजीत सिंह, मृत्युंजय सिंह, धर्मेंद्र पासवान, वीरेंद्र पासवान, अरविंद पासवान, रामचंद्र पासवान, मनोज पासवान और बीरबल पासवान भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *