ICC की दखल के बाद बैकफुट पर पाकिस्तान, भारत से मैच खेलने को तैयार

पाकिस्तान सरकार ने ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले अपने मैच को खेलने की मंजूरी दे दी है। इससे पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश का समर्थन करते हुए भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला किया था। हालांकि, ICC के साथ मीटिंग और कई क्रिकेट बोर्डों के साथ-साथ श्रीलंका सरकार की अपील के बाद, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अपनी टीम को मैच खेलने की हरी झंडी दे दी।
पाकिस्तान सरकार ने बताया कि उन्होंने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB), यूएई क्रिकेट बोर्ड और श्रीलंका की रिक्वेस्ट को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया। बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान ने BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम के बयान और उनके आभार को भी महत्व दिया। पीएम ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से फोन पर बातचीत में भी रुकावट को आपसी सहमति से हल करने पर जोर दिया।
सरकारी बयान में कहा गया है, “कई देशों की बातचीत और मित्र देशों की रिक्वेस्ट को देखते हुए, पाकिस्तान सरकार ने अपनी राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप में 15 फरवरी, 2026 को निर्धारित मैच खेलने का निर्देश दिया है।”
