अमानत का दबदबा कायम, शमीम राजा बने हीरो, नेट रन रेट से कारो बाहर
रांची : रांची के जेके क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड में खेले जा रहे आरपीसी मीडिया कप 2026 के लीग मुकाबले मंगलवार को रोमांच और शानदार प्रदर्शन से भरपूर रहे। दिन के दोनों मुकाबलों में बल्लेबाजों ने दमदार पारियां खेलीं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के दम पर अमानत की टीम ने क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली, जबकि कारो की टीम जीत के बावजूद अंतिम आठ में पहुंचने से चूक गई।
शमीम राजा के तूफान से अमानत की 10 विकेट से जीत
दिन के पहले मुकाबले में दामोदर और अमानत की टीमें आमने-सामने थीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए दामोदर की टीम 16 ओवर में 9 विकेट पर 113 रन ही बना सकी। असगर खान ने शानदार 52 रन बनाए, जबकि अमानत की ओर से बृजेश सिंह ने 3 विकेट और शमीम राजा ने 2 विकेट झटके।
जवाब में अमानत की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। शमीम राजा ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 86 रन बनाए, जबकि वेद प्रकाश 14 रन पर नाबाद रहे। अमानत ने बिना विकेट खोए मात्र 8 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 10 विकेट से जीत दर्ज की। शानदार प्रदर्शन के लिए शमीम राजा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
कारो की जीत बेकार, नेट रन रेट बना बाधा
दिन के दूसरे मुकाबले में कनहर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में 5 विकेट पर 149 रन बनाए। बासुदेव मिश्रा ने नाबाद 80 रन और विकास कुमार ने 21 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए कारो की टीम ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी की। कुमार सौरव ने नाबाद 58 रन और अमित सिंह ने 32 रन बनाए। कारो ने 15.1 ओवर में 5 विकेट खोकर मैच 5 विकेट से जीत लिया। इस मैच में कुमार सौरव को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। हालांकि, खराब नेट रन रेट के कारण कारो की टीम क्वार्टर फाइनल में जगह नहीं बना सकी।
क्वार्टर फाइनल मुकाबलों की तस्वीर साफ
बेहतर नेट रन रेट के आधार पर ग्रुप एक से कोनार और ग्रुप चार से अमानत की टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी है। दोनों टीमों के बीच मुकाबला 12 फरवरी को सुबह 11:45 बजे खेला जाएगा। वहीं पहले क्वार्टर फाइनल में भैरवी का सामना गंगा से होगा। मयूराक्षी और कोयल की टीमें भी अंतिम आठ में जगह बना चुकी हैं। शेष दो क्वार्टर फाइनल की तस्वीर 11 फरवरी के लीग मैचों के बाद साफ होगी।
