Home

खूंटी में अफीम की खेती पर लगेगा ब्रेक, एसपी ने बनाया एक्शन प्लान

Khunti : खूंटी में अवैध अफीम की खेती पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित अपराध गोष्ठी में एसपी ऋषभ गर्ग ने सभी थाना प्रभारियों को संभावित क्षेत्रों की पहचान कर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगले एक-दो माह में अफीम की बुआई का समय शुरू होने वाला है, इसलिए समय रहते कार्रवाई की रणनीति तैयार की जाए। बैठक में जिले के विभिन्न थानों में दर्ज आपराधिक मामलों की समीक्षा की गई। साथ ही लंबित वारंटों के निष्पादन और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भी थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जेल से छूटे एनडीपीएस आरोपियों पर रखी जाएगी नजर

एसपी ने एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल से रिहा हुए आरोपियों का सत्यापन कराने और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए।

मुहर्रम को लेकर पुलिस अलर्ट

अपराध गोष्ठी में आगामी मुहर्रम पर्व की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। एसपी ने संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने, शांति समिति के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने और अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता होगी।

नीट परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा

बैठक में 21 जून को होने वाली नीट परीक्षा को लेकर भी तैयारियों की समीक्षा की गई। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की आवाजाही और कदाचार रोकने के उपायों पर चर्चा हुई। अधिकारियों को परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *