पाकुड

नवनियुक्त उपायुक्त मेघा भारद्वाज का ओलंपिक, एथलेटिक्स एवं साइकिलिंग संघ ने किया स्वागत

पाकुड़, 10 जून। पाकुड़ जिला ओलंपिक संघ तथा पाकुड़ जिला एथलेटिक्स एवं साइकिलिंग संघ की ओर से नवनियुक्त जिला उपायुक्त मेघा भारद्वाज का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर खेल संघों के पदाधिकारियों ने उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व पाकुड़ जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अर्धेंदु गांगुली तथा पाकुड़ जिला एथलेटिक्स एवं साइकिलिंग संघ के महासचिव रणवीर सिंह ने किया। कार्यक्रम के दौरान खेल संघों के प्रतिनिधियों ने अपना परिचय देते हुए जिले में संचालित खेल गतिविधियों एवं खिलाड़ियों की उपलब्धियों से उपायुक्त को अवगत कराया।

इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि जिले में खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने जिले में मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया। साथ ही दुर्गापुर में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम की प्रगति एवं उससे खिलाड़ियों को मिलने वाले लाभों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन और खेल संघों के संयुक्त प्रयास से पाकुड़ को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई जा सकती है। उन्होंने प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए सकारात्मक कदम उठाने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम के दौरान खेल संघों के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार साझा किए तथा जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार एवं खेल अधोसंरचना के विकास से संबंधित सुझाव प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर पाकुड़ जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अर्धेंदु गांगुली, पाकुड़ जिला एथलेटिक्स एवं साइकिलिंग संघ के महासचिव रणवीर सिंह, मनोवर आलम, पंकज अग्रवाल, प्रवीण कुमार सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *