आदिवासी नेत्री निशा भगत आत्महत्या मामले की हो CBI जांच, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
रांची में जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने कांके जनरल हॉस्पिटल और रिम्स पहुंचकर ली घटना की जानकारी। कहा- शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई होती तो शायद नहीं उठाना पड़ता इतना बड़ा कदम।
रांची, 6 नवंबर। आदिवासी नेत्री निशा भगत की फेसबुक लाइव के बाद आत्महत्या की घटना से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक का माहौल है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पूरे मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने मामले में जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद देवेंद्र नाथ महतो सबसे पहले कांके जनरल हॉस्पिटल पहुंचे। वहां से निशा भगत को रिम्स ले जाए जाने की सूचना मिलने पर वे ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांके के डीएसपी, थाना प्रभारियों, चिकित्सकों और प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और निष्पक्ष जांच की मांग की।
फेसबुक लाइव में लगाए थे गंभीर आरोप
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि फेसबुक लाइव के दौरान निशा भगत काफी भावुक थीं और रोते हुए अपने माता-पिता से माफी मांग रही थीं। उन्होंने लाइव के दौरान पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन कर यह भी बताया था कि लिखित शिकायत देने के बावजूद उन्हें पुलिस से अपेक्षित मदद नहीं मिली।
महतो के मुताबिक, निशा भगत ने जमीन माफियाओं और सरकार से जुड़े कुछ लोगों पर परेशान करने तथा सहयोग नहीं करने के आरोप लगाए थे। इन आरोपों की गंभीरता से जांच किए जाने की जरूरत है।
शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर उठाए सवाल
देवेंद्र नाथ महतो ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं, जिनके कारण निशा भगत को इतना बड़ा कदम उठाना पड़ा? उनकी ओर से पहले दी गई लिखित शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
उन्होंने मांग की कि निशा भगत की पूर्व शिकायतों और फेसबुक लाइव में लगाए गए आरोपों की निष्पक्षता से जांच हो। पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए और यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
महतो ने निशा भगत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।
