पूर्वी सिहंभूमि

अवैध मादक पदार्थ मामलों में लापरवाही, ओलीडीह ओपी प्रभारी निलंबित, मोहम्मद शारिक अली बने नए प्रभारी

Jamshedpur : जमशेदपुर के ओलीडीह ओपी क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ से जुड़े मामलों में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। ओलीडीह ओपी प्रभारी एसआई दीपक कुमार ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनकी जगह मोहम्मद शारिक अली को नया ओलीडीह ओपी प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह कार्रवाई जिले के एसएसपी पीयूष पांडेय के निर्देश पर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष द्वारा कराई गई जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।

दरअसल, पुलिस को कई माध्यमों से शिकायतें मिल रही थीं कि ओलीडीह ओपी क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ के कारोबार में संलिप्त युवकों को पकड़ने के बावजूद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सिटी एसपी द्वारा मामले की जांच कराई गई, जिसमें कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

जांच में पाया गया कि 10 दिसंबर की रात करीब आठ बजे गांजा की खरीद-बिक्री के आरोप में चार युवकों को कई पुड़िया गांजा के साथ ओलीडीह ओपी लाया गया था। इनमें से अमन सिंह और संतोष ठाकुर को बिना प्राथमिकी दर्ज किए और बिना वरीय अधिकारियों को सूचना दिए ही छोड़ दिया गया। इसके अलावा 11 दिसंबर को साधु मुंडा नामक एक अन्य संदेही को भी इसी तरह बिना किसी केस के मुक्त कर दिया गया।

इतना ही नहीं, जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मासिक अपराध गोष्ठी में जब मादक पदार्थ से जुड़े मामलों की जानकारी मांगी गई, तो ओपी प्रभारी ने सही तथ्य प्रस्तुत नहीं किए। उन्होंने केवल दो युवकों के पकड़े जाने की जानकारी दी, जबकि वास्तविक संख्या इससे अधिक थी। वरीय अधिकारियों द्वारा तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद जांच के समय तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी।

सिटी एसपी द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि वरीय अधिकारियों को गुमराह किया गया, उनके आदेशों की अवहेलना की गई और गंभीर मादक पदार्थ मामलों में जानबूझकर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। साथ ही संदेहियों को अनुचित लाभ पहुंचाने का प्रयास भी सामने आया।

इन सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए दीपक कुमार ठाकुर की भूमिका और आचरण को संदिग्ध मानते हुए उन्हें सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, जमशेदपुर निर्धारित किया गया है।

वहीं, विभागीय आदेश के तहत मोहम्मद शारिक अली को ओलीडीह ओपी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। पुलिस विभाग ने साफ शब्दों में कहा है कि मादक पदार्थ से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही, मिलीभगत या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *