पश्चिमी सिंहभूमि

चाईबासा में नक्सलियों के नापाक मंसूबे पर फिरा पानी, सुरक्षाबलों ने IED बरामद कर किया नष्ट

नक्सलियों

Chaibasa : चाईबासा जिले में गुरुवार की सुबह सुरक्षाबलों ने एक बड़ी नक्सलियों के नापाक मंसूबे पर पानी फेर दिया। छोटानागरा थाना क्षेत्र के मनोहरपुर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर टोंटोगाढ़ा गांव के पास सुरक्षाबलों को एक शक्तिशाली IED मिला, जिसे बाद में सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया। जानकारी मिली कि नक्सलियों ने किरिबुरु और छोटानागरा थाना क्षेत्र में गश्ती दल को निशाना बनाने के लिए बम लगाया था।

वाहनों की आवाजाही रोकी, क्षेत्र में हड़कंप

सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में तुरंत सतर्कता बढ़ा दी। गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे मनोहरपुर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। सड़क पर लंबी कतारें लग गईं और करीब ढाई घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। यात्रियों और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया।

बम निरोधक दस्ते की कार्रवाई

इलाके की घेराबंदी करने के बाद बम निरोधक दस्ते ने तलाशी अभियान शुरू किया। सर्च के दौरान टोंटोगाढ़ा गांव के पास एक IED बरामद हुआ। सुरक्षाबलों ने बम को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उसे डिफ्यूज किया और नष्ट कर दिया।

सुरक्षाबलों की तत्परता से बड़ा हादसा टला

घटना से स्पष्ट है कि सुरक्षाबलों की सतर्कता और समय पर कार्रवाई ने एक बड़ी दुर्घटना को रोका। अधिकारी लोगों से अपील कर रहे हैं कि संदिग्ध वस्तु देखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें और अनावश्यक भीड़ से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *