चाईबासा में मारा गया 1 लाख का इनामी नक्सली इजराइल, अजय महतो टीम से हुई थी मुठभेड़

Ranchi/Chaibasa : चाईबासा में नक्सलियों के खात्मे को लेकर अंतिम चरण में अभियान चल रहा है। पूरे जंगल की घेराबंदी कर चारों तरफ से सुरक्षाबलों की टीम अभियान चला रही है। इसी क्रम में बुधवार की सुबह शुरू हुए अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। मुठभेड़ के दौरान एक नक्सली को मार गिराया गया है। मृतक की पहचान अमृत उर्फ इजराइल के तौर पर हुई है। उस पर झारखंड़ सरकार ने 1 लाख का इनाम भी रखा था। मुठभेड़ खत्म होने के बाद इलाके में सर्च अभियान चलाया गया। जिसमें सुरक्षाबलों ने मृतक नक्सली की बॉडी बरामद कर ली है। वहीं, उसके पास से एक एसएलआर राइफल सुरक्षाबलों को मिला है।
अजय महतो की टीम से मुठभेड़ हुई थी शुरू
सूत्रों के अनुसार सुबह के समय सुरक्षाबलों के साथ दुर्दांत नक्सली अजय महतो की टीम के साथ मुठभेड़ शुरू हुई थी। इस दौरान दोनों तरफ से रुक-रुक कर गोली चली है। सुरक्षाबलों ने लक्ष्य साधते हुए एक को मार गिराया है।
