खेलरांची

पूरे झारखंड में दिखा राष्ट्रीय खेल दिवस का उत्साह, 35 हजार से अधिक स्कूलों में खेल गतिविधियां

रांची, 29 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को पूरे झारखंड में खेल और उत्साह का माहौल रहा। राज्य के सभी 24 जिलों में 35 हजार से अधिक सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। इस दौरान लाखों छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश के तहत आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। विद्यालयों में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मेजर ध्यानचंद के जीवन, खेलों के महत्व, स्वास्थ्य और अनुशासन पर अपने विचार रखे।

खेल शपथ और मार्च पास्ट ने बढ़ाया उत्साह

विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को खेल शपथ दिलाई गई। इसके साथ हाउसवार मार्च पास्ट का आयोजन भी हुआ। विद्यार्थियों ने अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए मार्च पास्ट में हिस्सा लिया।

उम्र के अनुसार हुईं विभिन्न प्रतियोगिताएं

कक्षा 1 से 5 के विद्यार्थियों के लिए 50 मीटर दौड़, बोरी दौड़, तीन टांग दौड़, चम्मच-गोली दौड़, कैरम और लूडो जैसी प्रतियोगिताएं कराई गईं। कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों ने 100 एवं 200 मीटर दौड़, कबड्डी, खो-खो, शतरंज और टेबल टेनिस में हिस्सा लिया।

वहीं कक्षा 9 से 12 के छात्र-छात्राओं के बीच 400 एवं 800 मीटर दौड़, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, बैडमिंटन और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

छात्र-शिक्षक मैत्री मुकाबलों ने बांधा समां

कार्यक्रम में छात्र-शिक्षक मैत्री खेल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। रस्साकशी, क्रिकेट, फुटबॉल और म्यूजिकल चेयर जैसी गतिविधियों में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने साथ हिस्सा लिया। इससे विद्यालयों में खेल भावना और आपसी सहयोग का माहौल बना।

राज्यभर के विद्यालयों में छोटे बच्चों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों तक में खासा उत्साह देखने को मिला। खेल मैदानों में दौड़ते बच्चों, तालियों की गूंज और शिक्षकों के उत्साहवर्धन से विद्यालय परिसर खेल उत्सव में तब्दील नजर आए।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों के अनुसार, इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक फिटनेस, मानसिक मजबूती, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

कल साइकिल रैली के साथ होगा समापन

तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम का समापन 30 अगस्त को ‘संडे ऑन साइकिल’ के तहत साइकिल रैली और दौड़ के साथ होगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों और आम लोगों को फिटनेस तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *