खेलरांची

नेशनल चैंपियन झारखंड U-14 फुटबॉल टीम ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात, सीएम ने दी बधाई

Ranchi :  झारखंड की “अंडर-14 बालक फुटबॉल टीम” ने आज झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों को राष्ट्रीय चैंपियन बनने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खेल के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और राज्य सरकार खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास तथा उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के युवाओं की प्रतिभा और समर्पण झारखंड के गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहा है।

यह मुलाकात मध्य प्रदेश के उमरिया में 1 दिसंबर से 6 दिसंबर 2025 तक आयोजित 69वीं स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) राष्ट्रीय स्कूली फुटबॉल चैंपियनशिप में झारखंड की अंडर-14 टीम के शानदार प्रदर्शन के बाद हुई। फाइनल मुकाबले में झारखंड ने पंजाब को रोमांचक पेनल्टी शूटआउट में 6–5 से हराकर राष्ट्रीय चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से बातचीत में कहा कि राज्य सरकार की खेल नीतियों और प्रोत्साहन योजनाओं से उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए लगातार प्रेरणा मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *