अनुकूल राय की फिरकी में फंसा नागालैंड, झारखंड जीत से सिर्फ पांच विकेट दूर
रांची : रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले के तीसरे दिन झारखंड के फिरकी गेंदबाज अनुकूल राय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नागालैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। अनुकूल की घातक स्पिन के आगे नागालैंड की पहली पारी मात्र 154 रन पर सिमट गई।
नागालैंड की ओर से चेतन बिष्ट ने नाबाद 46 रन और निश्चल ने 41 रन की उपयोगी पारी खेली। बाकी बल्लेबाज अनुकूल की गेंदों के सामने टिक नहीं सके। अनुकूल राय ने अपने शानदार स्पैल में 24.5 ओवर में 55 रन देकर 8 विकेट झटके, जिसमें 10 मेडन ओवर शामिल रहे। उनके इस प्रदर्शन ने नागालैंड को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर कर दिया।
दूसरी पारी में भी नागालैंड के बल्लेबाज झारखंड के स्पिन आक्रमण के सामने बेबस नजर आए। दिन के खेल की समाप्ति तक नागालैंड ने 105 रन पर 5 विकेट गंवा दिए। झारखंड की ओर से मनीषी ने 3 और अनुकूल राय ने 2 विकेट हासिल किए। नागालैंड के लिए जोनाथन ने संघर्षपूर्ण 50 रन की पारी खेली।
अब झारखंड को जीत के लिए केवल 5 विकेट की दरकार है, जबकि मुकाबले में अभी एक दिन का खेल बाकी है। टीम मजबूत स्थिति में है और कल जीत दर्ज करने के लिए पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रही है।
