चतरा

एसपी आवास के सामने दिनदहाड़े हत्या, निजी बॉडीगार्ड ने साथी को मारी गोली

चतरा, 21 जुलाई । जिला मुख्यालय में मंगलवार काे एसपी कार्यालय और आवास के ठीक सामने एक सनसनीखेज हत्या से हड़कंप मच गया। गया निवासी ठेकेदार रॉकी यादव के निजी बॉडीगार्ड बलवीर सिंह ने अपने साथी अतुल कुमार को सिर में गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोिपत को हथियार सहित तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार चतरा बाईपास निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार रॉकी यादव किसी कार्य से एसपी से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान उनके दोनों निजी सुरक्षा कर्मी वाहन में बैठे थे। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और देखते ही देखते बलवीर सिंह ने अतुल कुमार पर गोली चला दी।

गोली चलने की आवाज सुनते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आराेपित को दबोच लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बताया जाता है कि दोनों बिहार के रहने वाले थे और रॉकी यादव की निर्माण कंपनी रमिया कंस्ट्रक्शन के निजी सुरक्षा कर्मी थे। पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर मामला आपसी विवाद का बताया जा रहा है, जबकि हत्या में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिया गया है।

एसपी, डीसी, सांसद, जिला सत्र न्यायाधीश आवास सहित अतिसुरक्षित क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही एसपी सहित वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *