देवघर

देवघर पहुंचे सांसद निशिकांत दुबे, AI सेमिनार और विकास योजनाओं की दी जानकारी

निशिकांत

देवघर : भाजपा के वरिष्ठ सांसद और गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के प्रतिनिधि निशिकांत दुबे रविवार को देवघर पहुंचे। देवघर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आज के समय में दुनिया भर के लोगों के लिए जिज्ञासा और संभावनाओं का सबसे बड़ा विषय बन चुका है। उन्होंने बताया कि 30 जनवरी को देवघर में AI को लेकर एक भव्य अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दुनिया के 25 से 30 देशों के राष्ट्रीय अध्यक्ष शामिल होंगे। इस सेमिनार की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं करेंगे।

देवघर में होगा बड़े सेमिनार का आयोजन

सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि विदेशों से आने वाले प्रतिनिधियों के साथ देवघर में तकनीक और नवाचार को लेकर एक बड़े स्तर का सेमिनार आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देवघर में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया (STPI) का विधिवत उद्घाटन भी करेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल देवघर को तकनीकी और डिजिटल विकास की दिशा में नई पहचान दिलाएगी।

अमृत भारत ट्रेन की सौगात

निशिकांत दुबे ने जानकारी दी कि नए साल के अवसर पर बनारस से कोलकाता के बीच अमृत भारत ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा। यह ट्रेन देवघर और जसीडीह स्टेशन पर भी रुकेगी, जिससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि अमृत भारत ट्रेन पूरी तरह स्लीपर कोच वाली होगी, जिसमें कोई एसी बोगी नहीं होगी। यह ट्रेन आम यात्रियों के लिए किफायती और सुविधाजनक विकल्प साबित होगी।

देवघर और गोड्डा के विकास को लेकर प्रधानमंत्री गंभीर

भाजपा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोड्डा लोकसभा क्षेत्र और देवघर जिले के विकास को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं। आने वाले समय में इसका असर साफ तौर पर दिखेगा और देवघर को एक विकसित जिला और महानगर के रूप में पहचान मिलेगी।

STPI से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

निशिकांत दुबे ने कहा कि देवघर में STPI (Software Technology Park of India) के उद्घाटन के बाद तकनीक के क्षेत्र में कई नए आयाम खुलेंगे। ऐसे संस्थानों की स्थापना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र का आर्थिक विकास तेज होगा।

कार्यकर्ताओं से की मुलाकात

देवघर और भागलपुर आगमन के दौरान सांसद ने स्थानीय भाजपा विधायक रोहित पांडे से मुलाकात की और पार्टी के विस्तार को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। उनके आगमन पर देवघर और भागलपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान सांसद ने आम लोगों की समस्याओं को भी सुना और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *