पलामू

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में सांसद ने सेविका-सहायिकाओं को किया सम्मानित

पलामू, 01 अक्टूबर। जिले के पाटन प्रखंड के सांसद आदर्श ग्राम पंचायत किशुनपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में गुरूवार को ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पलामू सांसद वीडी राम ने भाग लिया। उन्होंने आंगनवाड़ी सेविका और सहायिकाओं को सम्मानित किया।

उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों से मुलाकात की और उनके बीच फल वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

उल्लेखनीय है भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत देशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, सेविकाओं-सहायिकाओं सहित अन्य सहयोगी कर्मियों के योगदान का सम्मान करना है।

कार्यक्रम के माध्यम से लाभार्थी माताओं को पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की सरल और उपयोगी जानकारी भी दी गयी। साथ ही बच्चों को खेल, चित्रकला एवं गीत जैसी गतिविधियों के माध्यम से कार्यक्रम से जोड़ा गया।

सांसद ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। समाज के स्वस्थ एवं सशक्त भविष्य के निर्माण में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मौके पर वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल कुमार सिंह, जिला सांसद प्रतिनिधि विजय ओझा, महिला मोर्चा प्रभारी श्रीमती रूपा सिंह, ईश्वरी पाण्डेय, सांसद के निजी सचिव अलख दुबे, मंडल अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता, सुमन गुप्ता, धीरेन्द्र उपाध्याय सहित कई सेविका-सहायिका एवं बच्चे उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *