गिरिडीह

गिरिडीह में मां-बेटी की फंदे से लटकी मिली लाश, इलाके में सनसनी

मां

Giridih : जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गादी श्रीरामपुर गांव में सोमवार को एक घर के कमरे से मां और बेटी के शव फांसी के फंदे से लटके हुए बरामद किए गए। परिजनों ने दोनों के आत्महत्या करने की आशंका जताई है। मृतकों की शिनाख्त पुतुल देवी (35) और उनकी बेटी स्नेहा कुमारी (15) के तौर पर की गई है। स्नेहा कक्षा 10 की छात्रा थी और पढ़ाई में अच्छी बताई जा रही थी। मृतका पुतुल देवी के पति सोनू राम टेंपो चालक हैं।

लोन की वसूली से थी परेशान

परिजनों के अनुसार पुतुल देवी ने किसी महिला स्वयं सहायता समूह से लोन लिया था, जिसकी जानकारी उन्होंने परिवार को नहीं दी थी। लोन की किस्तों को लेकर लगातार फोन कॉल आने से वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थीं। मृतका के पति सोनू राम ने बताया कि पुतुल देवी अक्सर तनाव में रहती थीं और कई बार रोती भी थीं, लेकिन अपनी परेशानी किसी से साझा नहीं करती थीं।

सुबह नहीं खुला दरवाजा, तब हुआ खुलासा

घटना की जानकारी सोमवार सुबह तब हुई, जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला। शक होने पर परिजनों ने दरवाजा खोला तो अंदर मां और बेटी को फंदे से लटका पाया गया। आनन-फानन में दोनों को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद गांव में भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। वहीं, इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों का कहना है कि यदि मां लोन को लेकर परेशान थी, तो बेटी ने आत्महत्या क्यों की, यह सवाल बना हुआ है।

पुलिस जांच जारी

सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव और मुफ्फसिल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि गादी श्रीरामपुर गांव में दो लोगों द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *