झारखंड

झारखंड में मानसून मेहरबान, अच्छी बारिश से किसानों के चेहरे खिले

नीमडीह में सर्वाधिक 131.4 मिमी वर्षा, रांची समेत कई जिलों में मौसम सुहाना

रांची : झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। राजधानी रांची सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में लगातार हो रही अच्छी बारिश से किसानों के बीच बेहतर खरीफ फसल की उम्मीद बढ़ गई है। खेतों में पानी की उपलब्धता बढ़ने से कृषि कार्यों में भी तेजी आई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह में सर्वाधिक 131.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा चांडिल में 125.6 मिमी, राजमहल में 105 मिमी, बलूमाथ में 83 मिमी, गम्हरिया में 76.2 मिमी, बरही में 73.2 मिमी तथा कुरडेग में 46.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। राज्य के अन्य कई क्षेत्रों में भी अच्छी वर्षा हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, 1 जून से 21 जुलाई के बीच रांची में 426.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसी अवधि में चाईबासा में 431.4 मिमी, जमशेदपुर में 346.6 मिमी, डाल्टनगंज में 341.7 मिमी तथा बोकारो में 288.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

तापमान की बात करें तो मंगलवार को राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस बहरागोड़ा में, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज किया गया।

राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार सुबह से रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही, जिससे मौसम सुहावना बना रहा। इस दौरान मध्यम गति से हवाएं भी चलीं।

मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 33.4 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 30.2 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.1 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम 33.4 डिग्री एवं न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

लगातार हो रही बारिश से जहां किसानों में उत्साह का माहौल है, वहीं मौसम सुहावना होने से लोगों को गर्मी और उमस से भी राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *