झारखंड में मानसून की बारिश सामान्य से अधिक, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
रांची: झारखंड में इस वर्ष मानसून की बारिश सामान्य से काफी अधिक हुई है. राज्य में अब तक औसतन 92 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है. मौसम विभाग द्वारा गुरुवार को दी गई जानकारी के अनुसार, 1 जून से 25 जून तक झारखंड में सामान्य 139.9 मिमी बारिश की तुलना में 268.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है.
राज्य में सबसे अधिक बारिश राजधानी रांची में हुई है, जहां सामान्य 146.4 मिमी की तुलना में 484.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. रांची में सामान्य से 231 मिमी अधिक बारिश हुई है. वहीं, राज्य के देवघर जिले में सबसे कम बारिश दर्ज की गई है. यहां 136.8 मिमी की तुलना में केवल 117.2 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 14 प्रतिशत कम है.
झारखंड के अन्य जिलों में भी बारिश का प्रभाव देखने को मिला है. लातेहार में 130 मिमी के मुकाबले 422.6 मिमी, लोहरदगा में 146.2 मिमी की तुलना में 388.2 मिमी, रामगढ़ में 147.2 मिमी के मुकाबले 357.4 मिमी, सरायकेला-खरसावां में 157.9 मिमी की तुलना में 400 मिमी और खूंटी में 150.9 मिमी की तुलना में 287.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है.
राजधानी रांची सहित आसपास के इलाकों में गुरुवार को भी रुक-रुक कर बारिश होती रही. मौसम विभाग ने 29 जून तक राज्य में बारिश की संभावना जताई है. इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है. इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है. इसे ध्यान में रखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.
रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि जमशेदपुर में 33.7, डाल्टेनगंज में 33.3, बोकारो में 33.5 और चाईबासा में 32.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में झारखंड में और बारिश हो सकती है, जिसके कारण विभिन्न जिलों में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
