Home

झारखंड में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, अगले पांच दिनों तक बारिश के आसार

रांची। झारखंड में मानसून अब सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

30 जून से बारिश का असर और बढ़ेगा

मौसम विभाग के अनुसार 30 जून से 2 जुलाई के बीच उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और मध्य झारखंड के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। किसानों को भी मौसम के पूर्वानुमान के अनुरूप कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है।

रांची में मिलेगी गर्मी से राहत

राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।

अब तक सामान्य से 62 प्रतिशत कम हुई बारिश

मानसून की रफ्तार बढ़ने के बावजूद राज्य में अब तक सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है। एक जून से 28 जून के बीच झारखंड में सामान्य 170.3 मिमी के मुकाबले केवल 65.5 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से 62 प्रतिशत कम है। सबसे अधिक वर्षा की कमी गढ़वा (-99%), साहिबगंज (-98%) और चतरा (-90%) जिलों में दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *