रांची

शहीद सोमा उरांव की पुण्यतिथि पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने दी श्रद्धांजलि

रांची, 08 फ़रवरी । झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मांडर प्रखंड के शकरपदा गांव में शहीद स्वर्गीय सोमा उरांव की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने शहीद सोमा उरांव की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के प्रति समाज को हमेशा विशेष सम्मान और संवेदना रखनी चाहिए। उन्होंने शहीद की पत्नी द्वारा विपरीत परिस्थितियों के बावजूद बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा ही एक सशक्त, जागरूक और विकसित समाज की मजबूत नींव होती है।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवारों और उनके गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग द्वारा किसानों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।

मौके पर यह भी बताया गया कि हवलदार स्वर्गीय सोमा उरांव ने 8 फरवरी 2010 को जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में देश की सेवा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए थे। उनके बलिदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।

श्रद्धांजलि सभा में शहीद की पत्नी पूनिया उरांव, मांडर प्रखंड अध्यक्ष मंगा उरांव, पौलूस तिर्की, बंधु टोप्पो, लालू तिर्की, कलीम अंसारी, कुर्बान अंसारी, राजू मिंज, विनोद तिर्की, कुंदन तिर्की, मनोज तिर्की, कलिंदर तिर्की सहित राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *