Home

MGM अस्पताल में जल संकट का अंत, रोज निर्बाध मिलेगा 30 लाख लीटर पानी

Jamshedpur : डिमना स्थित नए एमजीएम अस्पताल में पेयजल की समस्या से जल्द ही राहत मिलने वाली है। अस्पताल तक सुवर्णरेखा नदी से पानी पहुंचाने की योजना अब धरातल पर उतरने जा रही है। करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने के रास्ते में जो तकनीकी अड़चनें आ रही थीं, उन्हें जिला प्रशासन ने दूर कर लिया है। विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने स्थल निरीक्षण कर पाइपलाइन के रूट को अंतिम मंजूरी दे दी है। अब सोमवार, 8 जून से निर्माण कार्य शुरू होने की तैयारी है।

फ्लाइओवर के पिलर 175-176 के बीच से निकलेगी पाइपलाइन

उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर एनएचएआई, मानगो नगर निगम, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, विद्युत आपूर्ति विभाग, मानगो अंचल, गेल, जुस्को और टाटा स्टील के अधिकारियों ने डिमना चौक स्थित निर्माणाधीन फ्लाइओवर का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह तय किया गया कि पाइपलाइन फ्लाइओवर के पिलर संख्या 175 और 176 के बीच से गुजरेगी। इस रूट पर सभी विभागों की सहमति बनने के बाद परियोजना को हरी झंडी मिल गई है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी संभाल रही ठेका कंपनी मेसर्स मदन लाल बजाज कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड सोमवार से काम शुरू करेगी।

15 जून तक काम पूरा करने का लक्ष्य, देरी पर होगी कार्रवाई

जलापूर्ति योजना को लेकर जिला प्रशासन गंभीर नजर आ रहा है। उपायुक्त राजीव रंजन ने संबंधित एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया है कि हर हाल में 15 जून तक पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी कहा है कि अगर तय समयसीमा के भीतर काम पूरा नहीं हुआ तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इधर, सुवर्णरेखा नदी के किनारे इंटकवेल निर्माण का काम भी तेजी से चल रहा है, ताकि पाइपलाइन तैयार होते ही जलापूर्ति शुरू की जा सके।

रोजाना 30 लाख लीटर शुद्ध पानी मिलेगा

करीब 8 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रही इस योजना के पूरा होने के बाद एमजीएम अस्पताल को प्रतिदिन 3 एमएलडी यानी लगभग 30 लाख लीटर शुद्ध पानी की आपूर्ति होगी। अस्पताल परिसर में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और पानी के भंडारण के लिए संप (Sump) भी तैयार है। जैसे ही सुवर्णरेखा नदी से पाइपलाइन का कनेक्शन जुड़ जाएगा, अस्पताल के वार्डों, ओपीडी और पूरे परिसर में नियमित जलापूर्ति शुरू हो जाएगी।

फिलहाल टैंकरों के भरोसे चल रही व्यवस्था

अभी नए एमजीएम अस्पताल में पानी की जरूरत मानगो नगर निगम के टैंकरों से पूरी की जा रही है। हर दिन टैंकरों के जरिए पेयजल की आपूर्ति की जाती है। स्थायी पाइपलाइन व्यवस्था शुरू होने के बाद न केवल टैंकरों पर निर्भरता खत्म होगी, बल्कि मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। माना जा रहा है कि यह परियोजना शुरू होने के बाद नए एमजीएम अस्पताल की सबसे बड़ी बुनियादी समस्याओं में से एक का स्थायी समाधान हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *