खेल

अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस पर झारखंड में खेल और पर्यावरण संरक्षण का संदेश, मैराथन व खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन

‘ग्रीन फॉरेस्ट’ थीम के साथ पूरे राज्य में मनाया गया ओलम्पिक दिवस, खिलाड़ियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

रांची। अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस के अवसर पर झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन, रांची जिला ओलम्पिक एसोसिएशन एवं विभिन्न खेल संघों के संयुक्त तत्वावधान में पूरे झारखंड में उत्साहपूर्वक समारोह आयोजित किया गया। इस वर्ष आयोजन का मुख्य विषय “ग्रीन फॉरेस्ट” रहा, जिसके माध्यम से खेलों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता का संदेश दिया गया।

भव्य ओलम्पिक मैराथन में उमड़ा खिलाड़ियों का उत्साह

समारोह की शुरुआत प्रातःकाल आयोजित ओलम्पिक मैराथन दौड़ से हुई। मोराबादी स्थित झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन कार्यालय परिसर से शुरू हुई इस दौड़ में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, युवा और खेल प्रेमी शामिल हुए। प्रतिभागी अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस के बैनर हाथों में लेकर दौड़े और खेल भावना के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

सेपक टकरा और वुशु प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। जयपाल सिंह स्टेडियम में सेपक टकरा प्रतियोगिता तथा मोराबादी स्थित वुशु हॉल में वुशु प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

खेलों के साथ पर्यावरण संरक्षण पर दिया गया जोर

कार्यक्रम के सफल आयोजन में रांची जिला ओलम्पिक एसोसिएशन, झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन तथा विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एस.के. पांडे, कोषाध्यक्ष शिवेंद्र दुबे, निशिकांत पाठक, चंचल भट्टाचार्य, उदय साहू, सुनील सहाय, सुनील कुमार, डॉ. दीपक, दीपक गोप, शैलेन्द्र दुबे, विभूति भूषण अमर, रामेंद्र कुमार, प्रभाकर वर्मा, राकेश रमन, हरजीन्दर सिंह, राजू महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

युवाओं में खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा

आयोजकों ने बताया कि इंडियन ओलम्पिक एसोसिएशन एवं झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरे राज्य में आयोजित इस समारोह का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, स्वस्थ जीवनशैली, एकता, मित्रता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *