रांची

मर्सिडीज–बुलेट टक्कर मामला गरमाया, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR

मर्सिडीज

रांची : डोरंडा थाना क्षेत्र में मर्सिडीज कार और बुलेट बाइक की टक्कर का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद और गहरा गया। बीती रात करीब 11 बजे दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी।

मछली घर चौक के पास हुई घटना

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 10:15 बजे मछली घर, देवेंद्र माझी चौक के पास हुआ। मर्सिडीज कार (जेएच-01एफएम) चला रहे मनोज टंडन, जो झारखण्ड हाई कोर्ट के अधिवक्ता और पूर्व अपर महाधिवक्ता रह चुके हैं, की गाड़ी की टक्कर बुलेट बाइक से हो गई। बाइक पर हिंदपीढ़ी निवासी युवक मवाज खान सवार था।

वीडियो वायरल होने से बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि घटना के बाद मवाज खान ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाया, जो दिनभर सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा। हालांकि पुलिस ने अब तक वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वीडियो सामने आने के बाद दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।

अधिवक्ता का पक्ष

मनोज टंडन के अनुसार, वे कोर्ट जा रहे थे, तभी बुलेट सवार युवक ने ओवरटेक किया और कार के बाएं हिस्से से बाइक सट गई। उनका आरोप है कि टक्कर के बाद युवक ने पैसे की मांग की और कार के सामने खड़ा हो गया। उन्होंने कहा कि युवक कार के बोनट पर चढ़ गया और देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई। अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने गाड़ी आगे बढ़ाई, लेकिन युवक बोनट से नहीं उतरा। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले जाया गया।

दिनभर चली सुलह की कोशिश, देर रात FIR

मामला थाना पहुंचने के बाद दिनभर समझौते की कोशिश होती रही, लेकिन बात नहीं बनी। देर रात दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर वाहन से टक्कर मारने और अन्य आरोप लगाते हुए FIR दर्ज करा दी।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। फिलहाल मामला कानूनी प्रक्रिया में है और जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कौन था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *