रांची

मेगा ट्रेड फेयर का समापन, अंतिम दिन भी लोगों ने की जमकर खरीदारी

रांची, 06 अप्रैल । मोरहाबादी मैदान में आयोजित 17 वें इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर का समापन सोमवार को हो गया। फेयर के अंतिम दिन भी भारी संख्या में लोग पहुंचे और जमकर खरीदारी की। साथ ही ऑफर का लाभ उठाया। अंतिम दिन कई स्टॉलधारकों ने कई उत्पादों पर ऑफर दिए, इस कारण लोगों ने भी खरीदारी की। लगभग सभी स्टॉल में खरीदारों की भीड़ दिखी।

वहीं, लोगों ने खरीदारी के साथ विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भी लुफ्त उठाया। लोग अपने परिवार और दोस्तों संग फेयर घूमे और जरूरत के अनुसार खरीदारी की।

उल्लेखनीय है कि ट्रेड फेयर में 12 देश और 15 राज्यों के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। प्रदर्शनी में 35 हजार से अधिक उत्पादों को लोगों को देखने और खरीदने का अवसर मिला। वहीं, ऑटोमोबाइल के स्टॉल में भी लोगों की भीड़ देखी गई। लोग गाड़ियों की भी इंक्वायरी करते दिखे।

चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि यह आयोजन हर दृष्टि से सफल रहा। उन्होंने कहा कि रांचीवासियों ने जिस उत्साह और सहभागिता के साथ इस मेले को समर्थन दिया, वह सराहनीय है। अंतिम दिन तक लोगों की भीड़ और खरीदारी का उत्साह यह दर्शाता है कि ऐसे आयोजनों की शहर में विशेष जरूरत है। अगले वर्ष इस ट्रेड फेयर को और भी बड़े स्तर पर, नए आकर्षणों और अधिक सहभागिता के साथ आयोजित किया जाएगा।

उत्पाद प्रदर्शित करने का बेहतरीन मिला अवसर : रोहित

वहीं चेंबर के महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि रांचीवासियों ने ट्रेड फेयर को बहुत ही प्रेम दिया और आयोजन की सराहना की। ट्रेड फेयर ने छोटे और मध्यम व्यवसायियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का बेहतरीन अवसर दिया, जिससे उन्हें नए ग्राहकों से जुड़ने का मौका मिला। अगले वर्ष इस मेगा ट्रेड फेयर को और भी बड़ा, भव्य और विविधता से भरपूर बनाया जाएगा, जिसमें पूरे परिवार के लिए अधिक मनोरंजन के विकल्प भी शामिल किए जाएंगे।

ट्रेड फेयर के समापन के अवसर पर झारखंड चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, सह सचिव रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल सहित कार्यकारिणी समिति के सदस्य और उप समितियों के कई चेयरमैन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *