रांची

मेगा रक्तदान महाअभियान 25 को , भारत-नेपाल के हजारों लोग बनेंगे जीवनदाता

पूर्वी सिंहभूम, 19 अगस्त । ब्रह्माकुमारीज की ओर से आगामी 25 अगस्त को दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति में आयोजित किए जाने वाले मेगा रक्तदान महाअभियान को लेकर बुधवार को बिष्टुपुर स्थित ब्रह्माकुमारी केंद्र में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान संस्था की वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका कोल्हान प्रभारी बीके अंजे दीदी ने बताया कि यह अभियान केवल रक्तदान तक सीमित नहीं है, बल्कि मानवता, विश्व बंधुत्व और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश देने वाला एक राष्ट्रीय सेवा अभियान है।

उन्होंने बताया कि दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति में आयोजित होने वाले इस अभियान के तहत भारत और नेपाल के विभिन्न शहरों में एक साथ रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। जमशेदपुर में इसका मुख्य आयोजन 25 अगस्त को यूनिवर्सल पीस पैलेस, मरीन ड्राइव, सोनारी में होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

बीके अंजु दीदी ने कहा कि रक्तदान को इस बार “रक्तदान से आध्यात्मिक सशक्तिकरण” विषय से जोड़ा गया है। शिविर में आने वाले प्रतिभागियों को पहले सकारात्मक जीवन मूल्यों और राजयोग ध्यान की जानकारी दी जाएगी, इसके बाद वे रक्तदान करेंगे। इससे सेवा के साथ आत्मिक संतोष और मानसिक शांति का भी अनुभव होगा।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष दादी प्रकाशमणि जी की स्मृति में भारत और नेपाल में आयोजित रक्तदान अभियानों के दौरान 88 हजार से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया गया था, जिसे एक विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया गया। इस वर्ष उससे भी बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया गया है और देशभर में हजारों स्वयंसेवक अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।

प्रेस वार्ता में नशामुक्ति भारत अभियान की भी चर्चा की गई। बताया गया कि अभियान की जागरूकता बस शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दे रही है। अब तक 51335 हजार से अधिक लोगों ने नशामुक्ति का संकल्प लिया है। यह अभियान 27 अगस्त तक जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में जारी रहेगा।

इस अवसर पर बीके रेणु दीदी, प्रशासक हरिमुखी तथा ब्रह्माकुमारीज परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित थे। संस्था ने शहरवासियों से 25 अगस्त के रक्तदान महाअभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में सहयोग देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *