Home

गुरु पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियों को लेकर श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट की बैठक संपन्न

19 जुलाई को स्वामी सदानंद जी महाराज का होगा भव्य स्वागत, गुरु पूर्णिमा एवं जन्मोत्सव कार्यक्रम की रूपरेखा तय

रांची। पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण बैठक ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में ट्रस्ट द्वारा संचालित विभिन्न धार्मिक एवं सेवा गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिए गए।

बैठक का प्रमुख विषय आगामी गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के रांची आगमन की तैयारियां रहीं। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 19 जुलाई को स्वामी सदानंद जी महाराज के रांची आगमन पर श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर गुरुजी के प्रवचन एवं श्रीकृष्ण कथा का भी भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर सदस्यों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष पूजा-अर्चना, गुरु वंदना, भजन-कीर्तन, सामूहिक आरती तथा प्रसाद वितरण जैसे आध्यात्मिक आयोजन होंगे।

इसके अतिरिक्त 2 अगस्त को स्वामी सदानंद जी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष उत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न आध्यात्मिक एवं सेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में ट्रस्ट द्वारा संचालित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम, श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर तथा श्री कृष्ण प्रणामी गौशाला में चल रहे सेवा कार्यों की समीक्षा की गई। इन संस्थाओं के माध्यम से संचालित धार्मिक, सामाजिक एवं मानवीय सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई तथा सेवा गतिविधियों के विस्तार का संकल्प लिया गया।

ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि बैठक में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, पूरणमल सर्राफ, सुरेश अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, संजय सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, नंदकिशोर चौधरी, अंजनी अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, विष्णु सोनी, प्रभास गोयल, सुरेश चौधरी, पवन कुमार अग्रवाल, सुरेश भगत, पवन पोद्दार, ज्ञान प्रकाश शर्मा सहित ट्रस्ट के अनेक सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *