जमशेदपुर और सरायकेला पुलिस की बैठक, सूचना तंत्र मजबूत करने पर जोर
अपराधियों के सीमा पार छिपने पर संयुक्त कार्रवाई और त्वरित सूचना आदान-प्रदान की बनी रणनीति
पूर्वी सिंहभूम, 19 सितंबर । पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर दोनों जिलों के वरीय पुलिस अधिकारियों की शनिवार को जमशेदपुर पुलिस मुख्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और दोनों जिलों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब और सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गियारी समेत दोनों जिलों के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। विशेष रूप से ऐसे अपराधियों पर कार्रवाई की रणनीति पर चर्चा हुई, जो एक जिले में आपराधिक घटना को अंजाम देने के बाद दूसरे जिले की सीमा में जाकर छिप जाते हैं।
सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि दोनों जिलों की भौगोलिक निकटता के कारण अपराधियों के लिए एक जिले से दूसरे जिले में भागना आसान हो जाता है। जमशेदपुर में घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी कम समय में आदित्यपुर, कपाली या सरायकेला-खरसावां के अन्य इलाकों में पहुंच सकते हैं। इसी तरह सरायकेला-खरसावां के अपराधी भी जमशेदपुर क्षेत्र में छिपने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए दोनों जिलों की पुलिस के बीच लगातार समन्वय जरूरी है। बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों जिलों की पुलिस को बेहतर तरीके से जोड़ना और आवश्यकता पड़ने पर संयुक्त कार्रवाई की व्यवस्था को मजबूत करना है।
पुलिस अधिकारियों और जवानों को दोनों जिलों की सीमाओं को अलग-अलग क्षेत्र के बजाय अपराध नियंत्रण के लिए साझा क्षेत्र के रूप में देखते हुए काम करने पर जोर दिया गया।
एसपी ने बताया कि जमशेदपुर से तड़ीपार किए गए कुछ अपराधियों के आदित्यपुर क्षेत्र में जाकर छिपने की जानकारी भी सामने आती रही है। दोनों शहरों के बीच कम दूरी का फायदा उठाकर ऐसे अपराधी दूसरे जिले में पहुंचकर अपनी गतिविधियां जारी रखने का प्रयास करते हैं।
बैठक में ऐसे अपराधियों की पहचान, उनकी गतिविधियों की निगरानी, सूचना के त्वरित आदान-प्रदान तथा जरूरत पड़ने पर संयुक्त छापेमारी और कार्रवाई को लेकर दोनों जिलों के बीच समन्वय बढ़ाने पर चर्चा हुई।
