धुर्वा में 72 जोड़ों का सामूहिक विवाह, हिंदू-मुस्लिम एकता और सामाजिक सौहार्द की मिसाल
हटिया: धुर्वा स्थित जनहित सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह इस वर्ष सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया। ट्रस्ट की संस्थापिका रेनू सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य समारोह में कुल 72 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।
इस आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि इसमें सभी धर्मों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विवाह समारोह में 23 मुस्लिम महिलाओं सहित विभिन्न समुदायों के लोगों की भागीदारी ने हिंदू-मुस्लिम एकता और सामाजिक सद्भाव का मजबूत संदेश दिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार एवं रांची प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र गिरी, समाजसेवी वसीम अकरम के साथ News Wave Jharkhand की टीम से सौरव सिंह, श्रुति सिंह, विनीत उपाध्याय और ऋत्तिक सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में सभी वैवाहिक रस्में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराई गईं। नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। जनहित सेवा ट्रस्ट की ओर से सभी जोड़ों को घरेलू उपयोग की आवश्यक सामग्री भी भेंट की गई।
वहीं News Wave Jharkhand की ओर से समारोह में मौजूद महिलाओं के बीच साड़ियों का वितरण किया गया। साथ ही नवविवाहित जोड़ों को सुखद, सफल और उज्ज्वल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला आयोजन बताया।
