रांची

मंईयां सम्मान योजना को लेकर बड़ा अपडेट, जिलों को मिला फंड

मंईयां सम्मान

Ranchi : राज्य की महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने जनवरी और फरवरी महीने की राशि के लिए जिलों को आवंटन जारी कर दिया है। यानी पैसों की कमी नहीं है, लेकिन अभी तक राज्य सरकार की ओर से भुगतान का औपचारिक आदेश जिला प्रशासन को नहीं मिला है। इसी वजह से बिल बनाने और पैसे ट्रांसफर करने की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है।

निकाय चुनाव बना देरी की वजह?

प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो नगर निकाय चुनाव के कारण भुगतान में देरी हो रही है। चर्चा है कि 27 फरवरी को चुनाव परिणाम आने के बाद महिलाओं के खातों में पैसे भेजे जा सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो होली (4 मार्च) से पहले लाभुक महिलाओं को दो महीने की कुल 5,000 रुपये (प्रति माह 2,500 रुपये) मिल सकते हैं। हालांकि कुछ जगह यह भी चर्चा है कि मतदान से पहले ही राशि ट्रांसफर हो सकती है, लेकिन अभी तक भुगतान प्रक्रिया शुरू नहीं होने से इसकी संभावना कम लग रही है।

जमशेदपुर में लाभुकों की संख्या घटी

जमशेदपुर जिले में इस योजना के तहत करीब 2 लाख 90 हजार महिलाएं लाभ ले रही थीं। लेकिन ग्रामीण इलाकों में हुए भौतिक सत्यापन के दौरान कई नाम सूची से हटा दिए गए हैं, खासकर वे महिलाएं जो अपने पते पर नहीं मिलीं। वहीं शहरी क्षेत्रों में अब तक सत्यापन पूरा नहीं हो पाया है। फील्ड स्टाफ की कमी और निकाय चुनाव की व्यस्तता के कारण मानगो और जुगसलाई के कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में लगे रहे। अब संभावना है कि चुनाव खत्म होने के बाद शहरी क्षेत्रों में भी सत्यापन अभियान तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *