गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, जमशेदपुर के 6 आरोपियों के खिलाफ वारंट जारी

Jamshedpur : गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में देहरादून पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस केस में अदालत ने जमशेदपुर के छह आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। वारंट जारी होने के बाद पुलिस इनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपियों पर पहले से ही 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। हत्या के 26 दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य शूटर और साजिशकर्ता अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
जमशेदपुर के इन आरोपियों पर जारी हुआ वारंट
अदालत की ओर से जिन आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है, उनमें बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले अंकित वर्मा, आशुतोष सिंह, विशाल सिंह, आकाश कुमार प्रसाद और यशराज सिंह शामिल हैं। इसके अलावा मानगो के ओलीडीह निवासी जितेंद्र कुमार साहू का नाम भी इस सूची में है। वारंट जारी होने के बाद देहरादून पुलिस और उत्तराखंड एसटीएफ की टीम इनकी तलाश में जुट गई है।
जमशेदपुर में लगातार दबिश दे रही पुलिस
सूत्रों के मुताबिक, देहरादून पुलिस और एसटीएफ की टीम लगातार जमशेदपुर आकर छापेमारी कर रही है। टीम ने बागबेड़ा, जुगसलाई और मानगो इलाके में कई बार दबिश भी दी है, लेकिन अब तक मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आ सके हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही शूटरों और साजिशकर्ताओं तक पहुंच बनाई जा सकेगी।
अब तक दो मददगार गिरफ्तार
इस हत्याकांड में पुलिस अब तक दो लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गाराबासा निवासी राजकुमार सिंह और ग्रेटर नोएडा से मोहित उर्फ अक्षत ठाकुर शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इन दोनों पर हत्या में आरोपियों की मदद करने का आरोप है।
13 फरवरी को देहरादून में हुई थी हत्या
गौरतलब है कि 13 फरवरी को देहरादून के सिल्वर मॉल के पास गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी थी। जांच के दौरान जमशेदपुर कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस की टीमें झारखंड में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
