Home

महामना हॉकी गोल्ड कप: सिमडेगा अंडर-16 बालिका टीम ने जीत से किया आगाज़, BSSA को 3–0 से हराया

राजगीर (बिहार)। बिहार के विश्वप्रसिद्ध राजगीर शहर में आयोजित महामना हॉकी गोल्ड कप अंडर-16 प्रतियोगिता में हॉकी सिमडेगा (झारखंड) की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने पहले मुकाबले में BSSA की टीम को 3–0 से पराजित कर जीत के साथ शुरुआत की।

यह ऑल इंडिया स्तरीय प्रतियोगिता 19 से 21 जनवरी 2026 तक हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार, क्रीड़ा भारती बिहार, बिहार खेल प्राधिकरण एवं महामना मालवीय मिशन बिहार यूनिट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।

सिमडेगा टीम की ओर से पहला गोल टीम कप्तान बेरतीला केरकेट्टा ने किया। इसके बाद सानिया तिर्की ने दूसरा गोल दागा, जबकि तीसरा गोल राजमुनी कुमारी ने कर टीम की जीत सुनिश्चित की।

मैच में शानदार खेल का प्रदर्शन करने वाली सानिया तिर्की को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें पुरस्कार स्वरूप ₹5000 (पाँच हजार रुपये) नकद देकर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि महिला वर्ग के हॉकी मुकाबलों में इस तरह का नकद पुरस्कार खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन है, और प्रतियोगिता के प्रत्येक मैच में बेस्ट प्लेयर को पाँच हजार रुपये का पुरस्कार दिया जा रहा है।

सिमडेगा अंडर-16 बालिका टीम की इस पहली जीत पर हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारियों एवं खेल विभाग के अधिकारियों ने टीम को बधाई देते हुए आगामी मैचों के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।

सिमडेगा अंडर-16 बालिका टीम सदस्य

अनुभा केरकेट्टा, बेरतीला केरकेट्टा, शिल्पा बड़ा, महिमा कुल्लू, राजमुनी कुमारी, बबली कुमारी, सानिया तिर्की, निशा रानी मिंज, रेशमा कुमारी, रेनू कच्छप, प्रियंका कुमारी, प्रियंका तिर्की, अनुजा सोरेंग, हसीना कुमारी, अनुप्रिया एक्का, अनीशा कुल्लू, रोमिला केरकेट्टा, निर्मला टोप्पो
कोच: राजू मांझी
मैनेजर: कुनूल भेंगरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *