Home

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को राष्ट्रीय अंबेडकर पुरस्कार, रांची में हुआ सम्मान

Ranchi : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को राष्ट्रीय अंबेडकर पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान मजदूर दिवस के मौके पर शनिवार को उनके रांची स्थित आवास पर एक सादे लेकिन गरिमामय कार्यक्रम में दिया गया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार बहुजन साहित्य अकादमी द्वारा दिया जाता है। अकादमी समाज के दलित, गरीब और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए काम करने वाले लोगों को हर साल यह सम्मान देती है। इस बार बाबूलाल मरांडी को उनके लंबे समय से किए जा रहे सामाजिक और जनसेवा कार्यों के लिए चुना गया।

आवास पर पहुंचकर सौंपा गया पुरस्कार

शनिवार को अनिल बांसफोर, जो अंबेडकर स्कूल ऑफ मार्शल आर्ट्स के अध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी हैं, खुद मरांडी के आवास पहुंचे और उन्हें यह पुरस्कार भेंट किया। इस दौरान उन्होंने मरांडी के सामाजिक योगदान और खासकर वंचित तबके के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।

पहले सम्मेलन में हुआ था चयन

प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, मरांडी का चयन 15 मार्च 2026 को तिरुपति के जीएसकेआर भवन में आयोजित अकादमी के 18वें राष्ट्रीय सम्मेलन में ही कर लिया गया था। लेकिन उस समय किसी कारण से उन्हें सम्मान नहीं मिल पाया था। बाद में यह तय किया गया कि उन्हें उनके आवास पर जाकर सम्मानित किया जाएगा।

मरांडी बोले- यह सम्मान समाज को समर्पित 

सम्मान मिलने के बाद बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है। उन्होंने इसे समाज के गरीब, दलित और वंचित लोगों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि उनका पूरा जीवन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की सेवा के लिए समर्पित रहा है और आगे भी वे इसी दिशा में काम करते रहेंगे। इस मौके पर कई सामाजिक कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे। सभी ने मरांडी को बधाई दी और इसे झारखंड के लिए गर्व का क्षण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *