Home

कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा जांच में खुलीं खामियां, अवैध लाइब्रेरी समेत कई अनियमितताएं उजागर

रांची, 24 जून। राजधानी रांची में संचालित कोचिंग संस्थानों और शैक्षणिक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल के लिए रांची नगर निगम ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस क्रम में नगर निवेशक शाखा की टीम ने हिनू स्थित इंदिरा पैलेस और साउथ ऑफिस पाड़ा क्षेत्र में संचालित विभिन्न कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई जगह सुरक्षा और भवन मानकों से जुड़ी कमियां सामने आईं।

भवन स्वीकृति से लेकर फायर सेफ्टी तक की हुई जांच

निरीक्षण के दौरान गोल इंस्टीट्यूट, फिजिक्सवाला ट्यूशन सेंटर, बायोम इंस्टीट्यूट, ब्रदर्स एकेडमी और फिटजी इंस्टीट्यूट की जांच की गई। निगम की टीम ने भवन स्वीकृति, कोचिंग संचालन की वैधता, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, वेंटिलेशन, प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण किया।

बायोम इंस्टीट्यूट में मिली गंभीर अनियमितता

जांच के दौरान बायोम इंस्टीट्यूट के भवन में गंभीर गड़बड़ियां पाई गईं। निगम अधिकारियों ने पाया कि जी+3 भवन की छत पर जीआई शीट से निर्मित एक अवैध लाइब्रेरी संचालित की जा रही है। इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए संबंधित संचालक को भवन का स्वीकृत नक्शा और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अग्नि सुरक्षा मानकों की कमी पर चेतावनी

निरीक्षण के दौरान कुछ संस्थानों में फायर सेफ्टी से जुड़े आवश्यक मानकों का पालन नहीं पाया गया। नगर निगम ने ऐसे संस्थानों को शीघ्र अग्निशमन विभाग से एनओसी प्राप्त करने तथा सभी सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोचिंग संस्थानों में अध्ययनरत छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। निगम का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अन्य शैक्षणिक परिसरों की भी जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *