रांची

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे पर झारखंड में शोक, राज्यपाल-सीएम समेत कई नेताओं ने जताया दुख

रांची: कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना में श्रद्धालुओं की मौत से झारखंड में भी शोक की लहर है। हादसे पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन समेत कई नेताओं ने गहरा दुख जताया है।

नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने जताया दुख

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया। उन्होंने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

राज्यपाल ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

CM हेमंत सोरेन बोले- घटना से मन अत्यंत व्यथित

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ से हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना से उनका मन अत्यंत व्यथित है।

मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने हादसे में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए मां दुर्गा से सभी की रक्षा करने की प्रार्थना की।

बाबूलाल मरांडी ने भी जताई संवेदना

झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हादसे में 19 श्रद्धालुओं की मौत पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

चंपाई सोरेन बोले- आस्था के उत्सव में मातम बेहद दुर्भाग्यपूर्ण

पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने भी दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि आस्था के उत्सव में मातम छा जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

चंपाई सोरेन ने राहत एवं बचाव कार्यों का उल्लेख करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *