पश्चिमी सिंहभूमि

लाठीचार्ज के विरोध में कोल्हान बंद, चाईबासा और आसपास के इलाकों में असर

Chaibasa : झारखंड के चाईबासा जिले में आदिवासियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आदिवासी सामाजिक संगठनों और भाजपा द्वारा बुलाए गए कोल्हान बंद का असर बुधवार को चाईबासा समेत कई इलाकों में दिखने लगा है। चाईबासा में बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। ताम्बो चौक, सदर बाजार, बस स्टैंड और शहीद पार्क के पास कार्यकर्ताओं ने दुकानों को बंद कराया। सुबह खुले कई पेट्रोल पंप और प्रतिष्ठानों को भी बंद कराया गया।

चक्रधरपुर में बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। पवन चौक और मेन रोड इलाके की कई दुकानें बंद हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में दुकानें खुली हैं। यहां से लंबी दूरी की बसें भी नहीं चल रही हैं। सोनुवा में बंद का व्यापक असर है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर टायर जलाकर चक्रधरपुर–राउरकेला (एनएच-320 डी) मार्ग को जाम कर दिया। इलाके की सभी दुकानें और प्रतिष्ठान बंद हैं तथा सड़कों पर भारी वाहनों और बसों का परिचालन ठप है।

इसी तरह जगन्नाथपुर, मनोहरपुर और आनंदपुर में भी बंद का असर देखने को मिला है। हालांकि, अब तक किसी भी जगह हिंसा या झड़प की सूचना नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *