राष्ट्रीय मंच पर खूंटी का सितारा, झोंगो पाहन ने पैरा आर्चरी में रचा इतिहास

Khunti : खूंटी जिले के पैरा तीरंदाज झोंगो पाहन ने पंजाब के पटियाला में आयोजित 7वीं पैरा नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने रिकर्व टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतकर झारखंड और खूंटी जिले का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय स्तर की थी। झोंगो पाहन की इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है।
प्रतियोगिता के दौरान झारखंड की रिकर्व टीम ने क्वार्टर फाइनल में दिल्ली की टीम को हराकर शानदार शुरुआत की। इसके बाद सेमीफाइनल मुकाबले में मेज़बान पंजाब की मजबूत टीम को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहा, जहां कड़े संघर्ष के बाद झारखंड टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। झोंगो पाहन की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम मानी जा रही है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल खूंटी बल्कि पूरे झारखंड में खुशी की लहर है।
इस मौके पर जिला दंडाधिकारी आर. रॉनिटा ने झोंगो पाहन को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि झोंगो ने राष्ट्रीय मंच पर जिले और राज्य का मान बढ़ाया है और वे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। डीसी ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन भविष्य में भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देता रहेगा।
