खूंटी

ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप में खूंटी के निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन, तीन पदक जीते

खूंटी, 31 अगस्त । पश्चिम बंगाल के आसनसोल में 25 से 30 अगस्त तक आयोजित 10वीं ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप में खूंटी राइफल शूटिंग क्लब के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में क्लब के छह खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया।

खूंटी राइफल शूटिंग क्लब की ओर से सोमवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए 10 मीटर एयर राइफल महिला वर्ग में अर्चना कुमारी ने कांस्य पदक जीता। वहीं चिराग कुमार ने 10 मीटर एयर पिस्टल के यूथ वर्ग में रजत और जूनियर वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।

पांच राज्यों के करीब 2000 निशानेबाज हुए शामिल

ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के करीब 2000 निशानेबाजों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच खूंटी राइफल शूटिंग क्लब के छह खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया।

कोच ने खिलाड़ियों की मेहनत को सराहा

क्लब के कोच अनुज कुमार ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, एकाग्रता और अनुशासन सफलता की मुख्य कुंजी हैं। खिलाड़ियों की नियमित मेहनत और अभ्यास का परिणाम है कि उन्होंने प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर क्लब के सदस्यों, खेल प्रेमियों और स्थानीय खेल संघों ने पदक विजेताओं तथा राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *