Home

शूटिंग चैंपियनशिप में खूंटी ने 24 पदक जीतकर रचा कीर्तिमान

खूंटी, 03 अगस्त । आसनसोल शूटिंग क्लब (चांदमारी) में आयोजित तीन दिवसीय 16 वीं झारखंड राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में खूंटी राइफल शूटिंग क्लब के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले के खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। प्रतियोगिता में खूंटी के निशानेबाजों ने कुल 24 पदक जीतकर पूरे राज्य में जिले का नाम रोशन किया।

चैंपियनशिप में खूंटी जिले के 28 शूटरों ने विभिन्न आयु वर्गों और स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। इनमें से अधिकांश खिलाड़ियों ने बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए। जिले की झोली में 04 स्वर्ण, 06 रजत और 14 कांस्य पदक आए। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद सोमवार को विजेता खिलाड़ियों ने खूंटी राइफल शूटिंग क्लब के मुख्य कोच और सचिव अनुज कुमार के नेतृत्व में उपायुक्त मोहम्मद जावेद हुसैन से मुलाकात की। उपायुक्त ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धि जिले के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

मुलाकात के दौरान क्लब के सचिव अनुज कुमार ने उपायुक्त को क्लब की गतिविधियों और खिलाड़ियों की उपलब्धियों की जानकारी दी। इस पर उपायुक्त ने भरोसा दिलाया कि खूंटी में निशानेबाजी खेल के विकास के लिए प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा और खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

क्लब के सचिव सह मुख्य कोच अनुज कुमार ने बताया कि राज्य चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा, जहां वे पश्चिम बंगाल में आयोजित प्रतियोगिता में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

खूंटी राइफल शूटिंग क्लब की अध्यक्ष सह एसडीओ दीपेश कुमारी, सचिव अनुज कुमार, अमितेश भगत, चंदन कुमार, विपुल जायसवाल, रूपेश कुमार सहित क्लब के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *