झारखंड

खेलो झारखंड 2026-27: एथलेटिक्स में हजारीबाग और लातेहार का दबदबा, हॉकी में सिमडेगा ने जीते दोनों खिताब

रांची, 4 अक्टूबर। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय खेलो झारखंड 2026-27 के तहत अंडर-17 एथलेटिक्स और हॉकी प्रतियोगिताओं का समापन हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों के स्कूली खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एथलेटिक्स के बालिका वर्ग में हजारीबाग और बालक वर्ग में लातेहार ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं हॉकी के बालक और बालिका दोनों वर्गों में सिमडेगा विजेता रहा।

एथलेटिक्स में हजारीबाग और लातेहार अव्वल

रांची के खेलगांव प्रैक्टिस मैदान में आयोजित अंडर-17 एथलेटिक्स प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में हजारीबाग ने पहला स्थान हासिल किया। रांची दूसरे और पश्चिमी सिंहभूम तीसरे स्थान पर रहा।

बालक वर्ग में लातेहार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। साहेबगंज दूसरे और खूंटी तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

हॉकी के दोनों वर्गों में सिमडेगा चैंपियन

मोरहाबादी स्थित हॉकी मैदान में आयोजित अंडर-17 हॉकी प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में सिमडेगा ने खिताब जीता। रांची उपविजेता और हजारीबाग तीसरे स्थान पर रहा।

बालिका वर्ग में बर्टिला केरकेट्टा (सिमडेगा) को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, संदीपा कुमारी (सिमडेगा) को टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और प्रीति बारला (रांची) को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार मिला।

बालक वर्ग में भी सिमडेगा ने पहला स्थान हासिल किया। खूंटी दूसरे और गुमला तीसरे स्थान पर रहा। व्यक्तिगत पुरस्कारों में रितेश टोपनो (हजारीबाग) को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, अनुकेत केरकेट्टा (सिमडेगा) को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और ऋषभ कुल्लू (सिमडेगा) को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया।

खेल प्रतिभाओं को मंच देने पर जोर

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि राज्य स्तरीय खेलो झारखंड का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि विभिन्न जिलों में छिपी स्कूली खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर मंच, प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने एथलेटिक्स और हॉकी में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को उत्साहजनक बताया।

विजेता और उपविजेता जिलों की टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग, झारखंड राज्य एथलेटिक्स संघ के महासचिव शिवकुमार पांडेय तथा हॉकी संघ के विजय शंकर सिंह और रजनीश कुमार ने प्रदान किए।

प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन सहित शिक्षा विभाग और राज्य खेल कोषांग के अधिकारियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *