रांची

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स फुटबॉल: झारखंड महिला टीम ने दिखाई दमदार खेल भावना, 7 अंकों के साथ किया क्वालीफाई

रांची : आगामी मार्च माह में छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के लिए झारखंड महिला फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अहर्ता (क्वालीफाई) हासिल कर ली है। ग्रुप डी में खेलते हुए झारखंड की बेटियों ने तीन मैचों में अपराजेय रहते हुए कुल 7 अंक अर्जित किए और अपने पूल में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

यह चयन प्रतियोगिता 19 से 23 फरवरी तक कोलकाता स्थित एआईएफएफ एनसीई में आयोजित की गई, जिसमें मेजबान पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और झारखंड की टीमें शामिल थीं। भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में, फुटबॉल फेडरेशन एवं पश्चिम बंगाल फुटबॉल संघ के सहयोग से यह प्रतियोगिता आयोजित हुई।

झारखंड महिला टीम ने अपने पहले मुकाबले में उत्तर प्रदेश को 5-1 से हराकर दमदार शुरुआत की। दूसरे मैच में टीम ने मेजबान पश्चिम बंगाल को 5-0 से करारी शिकस्त दी। तीसरे और अंतिम लीग मैच में झारखंड का सामना ओडिशा से हुआ, जहां कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इस मैच में झारखंड की ओर से उर्वशी कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे और मैच 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ।

इस ड्रॉ के साथ झारखंड ने कुल 7 अंकों के साथ ग्रुप डी में शीर्ष स्थान हासिल किया और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के लिए क्वालीफाई कर लिया। टीम के बेहतरीन समन्वय, अनुशासन और आक्रामक खेल शैली ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

झारखंड महिला टीम की इस उपलब्धि पर राज्यभर में खुशी की लहर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदीब्य कुमार सोनू, खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक आसिफ इकराम, झारखंड ओलंपिक संघ के सचिव मधुकांत पाठक, खेल उपनिदेशक राजेश कुमार, झारखंड फुटबॉल संघ के गुलाम रब्बानी, नोडल पदाधिकारी उमेश लोहरा तथा साझा खेल परामर्शी देवेंद्र सिंह और मणिकांत सहित कई खेल पदाधिकारियों ने टीम को बधाई दी है।

महिला टीम की कोच बिना केरकेट्टा, अजय सुबास तिर्की और नूपुर टोप्पो के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने अनुकरणीय प्रदर्शन किया। राज्य के खेल प्रेमियों ने भी टीम को शुभकामनाएं देते हुए आगामी प्रतियोगिता में पदक जीतने की उम्मीद जताई है।

झारखंड की इन बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर वे राष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना सकती हैं।







Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *