करंगागुड़ी के हॉकी खिलाड़ियों ने पिकनिक में मनाया जीत का जश्न, मनोज कोनबेगी ने बढ़ाया उत्साह
Hockey Simdega: जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों ने पालामढ़ा नदी के तट पर किया आयोजन, हॉकी झारखंड के महासचिव ने मेहनत, अनुशासन और टीम भावना के साथ आगे बढ़ने का दिया संदेश।
सिमडेगा। जिले के करंगागुड़ी के हॉकी खिलाड़ियों ने सालभर की खेल उपलब्धियों और पिछले तीन-चार महीनों में विभिन्न प्रतियोगिताओं में मिली जीत का जश्न पिकनिक के साथ मनाया। इस अवसर पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, विद्यालय के शिक्षकों और स्थानीय खेल प्रेमियों ने पालामढ़ा नदी के तट पर मिल-जुलकर पिकनिक का आयोजन किया। कार्यक्रम में हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी भी शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
जिला स्तर पर जीत से खिलाड़ियों में उत्साह
करंगागुड़ी के हॉकी खिलाड़ियों ने पिछले कुछ महीनों में जिले की विभिन्न हॉकी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर कई मुकाबलों में जीत हासिल की और बेहतर प्रदर्शन किया। इसी उपलब्धि की खुशी साझा करने के लिए हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी सामूहिक पिकनिक का आयोजन किया गया। इसमें खिलाड़ियों के साथ कोच, शिक्षक, स्थानीय खेल प्रेमी और पूर्ववर्ती खिलाड़ी भी शामिल हुए।
मनोज कोनबेगी ने टीम भावना का दिया संदेश
पिकनिक स्थल पर पहुंचे हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनकी उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ हॉकी खेलते रहें। हॉकी टीम भावना का खेल है, जो एक-दूसरे के साथ मिलकर आगे बढ़ना सिखाता है। इसलिए मैदान के साथ-साथ समाज में भी आपसी तालमेल, एकजुटता और टीम भावना बनाए रखना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अभी जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में जीत हासिल कर रहे हैं। यदि वे अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ते रहे, तो आने वाले समय में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पदक जीत सकते हैं। इससे वे अपने गांव, जिले और झारखंड का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से इसी उत्साह और समर्पण के साथ अभ्यास जारी रखने की अपील की।
कोच और खेल प्रेमियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में करंगागुड़ी हॉकी टीम की कोच सुभीला मिंज विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इनके अलावा हॉकी सिमडेगा के कोषाध्यक्ष कमलेश्वर मांझी, पख्रस्तियुष टोप्पो, कुनूल भेंगरा, करिश्मा परवार, बसंत बा, तलीन तिग्गा, संजय तिर्की, समीर डुंगडुंग, नेहा कुमारी और कुंती कुमारी सहित हॉकी सिमडेगा के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रशिक्षक, स्थानीय खेल प्रेमी और करंगागुड़ी विद्यालय के कई पूर्ववर्ती खिलाड़ी भी शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में सभी खिलाड़ियों, अतिथियों, प्रशिक्षकों और शिक्षकों ने एक साथ बैठकर पिकनिक के भोजन का आनंद लिया। आपसी मेलजोल और उत्साह के बीच यह आयोजन संपन्न हुआ।
