Home

गोड्डा में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की पत्नी को गो’ली मा’री, भागलपुर रेफर

Godda : झारखंड के गोड्डा जिले में सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की पत्नी को गोली मार दी गई। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया है। जख्मी महिला की पहचान वंदना कुमारी के तौर पर की गई है। उनके पति संतोष कुमार साह बिहार के समस्तीपुर में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात हैं। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

यह घटना गोड्डा के पत्थरगामा थाना क्षेत्र के गांधी ग्राम में हुई। मिली जानकारी के अनुसार वंदना कुमारी गोड्डा कोर्ट से लौट रही थीं। इसी दौरान गांधी ग्राम इलाके में एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने उन पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावर ने महिला को तीन गोलियां मारीं।

गोड्डा के एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हमलावर की तलाश की जा रही है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, वंदना कुमारी का अपने पति के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। महिला ने हमले का आरोप अपने देवर और परिवार के अन्य सदस्यों पर लगाया है। फिलहाल महिला की हालत नाजुक बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *