रांची

जेपीएससी-जेएसएसी मामला: देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ी, ब्लड प्रेशर 84/39, भूख हड़ताल 16वें दिन भी जारी

रांची, 17 अगस्त । जेपीएससी-जेएसएससी मुद्दे को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो की स्वास्थ्य स्थिति लगातार बिगड़ने का दावा किया गया है। छात्रों की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 15 अगस्त के बाद से उनकी तबीयत में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सदर अस्पताल में भर्ती महतो की भूख हड़ताल सोमवार को 16वें दिन भी जारी रही।

विज्ञप्ति के मुताबिक, सोमवार को चिकित्सकीय जांच के दौरान देवेंद्रनाथ महतो का ब्लड प्रेशर 84/39 एमएमएचजी दर्ज किया गया। इसके अलावा उन्हें सीने में दर्द, चक्कर आने, सांस लेने में परेशानी और लगातार बढ़ती कमजोरी की शिकायत है। जांच के दौरान उनके शरीर में कीटोन की मात्रा भी पाई गई।

देवेंद्र नाथ महतो की स्वास्थ्य स्थिति पर सदर अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में लगातार नजर रखी जा रही है। इस दौरान एक्स-रे, रक्त जांच, शुगर जांच समेत अन्य आवश्यक चिकित्सकीय जांच की जा रही हैं। चिकित्सकों की ओर से उनकी स्थिति के अनुसार आगे की जांच और उपचार भी जारी है।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि लगातार मेडिकल जांच और उपचार के बावजूद महतो ने अपनी भूख हड़ताल समाप्त नहीं की है। लंबे समय से जारी भूख हड़ताल के कारण उनकी शारीरिक कमजोरी बढ़ने और स्वास्थ्य स्थिति गंभीर होने का दावा किया गया है।

अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी के बीच उनका इलाज जारी है। छात्रों की ओर से उनकी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही गई है।———

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *