साहेबगंज में झामुमो की बूथ स्तरीय और BLA-2 बैठक, SIR को लेकर महासचिव ने दिए निर्देश

Sahebganj : साहेबगंज के टाउन हॉल में शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की एक दिवसीय बूथ स्तरीय एवं BLA-2 बैठक आयोजित हुई। बैठक में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया कि मतदाता सूची से किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम नहीं कटना चाहिए। इसके लिए बूथ स्तर पर लगातार निगरानी और सक्रियता जरूरी है।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अरुण सिंह ने की। कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय, केंद्रीय सचिव एवं प्रवक्ता पंकज मिश्रा, सांसद विजय कुमार हांसदा, राजमहल विधायक एमटी राजा, बोरियो विधायक धनंजय सोरेन समेत कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य फोकस आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान रहा। नेताओं ने BLA-2 और बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया समझाई। कहा गया कि हर कार्यकर्ता अपने बूथ क्षेत्र में मतदाताओं की सूची की जांच करे और यह सुनिश्चित करे कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से बाहर न रह जाए।

घर-घर जाकर जानकारी जुटाने की अपील
नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सिर्फ कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करें। नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, त्रुटियों को सुधारने और किसी भी तरह की गड़बड़ी की सूचना समय पर देने की जिम्मेदारी भी कार्यकर्ताओं को सौंपी गई।
संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने पर जोर
बैठक में संगठन विस्तार और बूथ प्रबंधन पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि चुनावी सफलता की नींव बूथ स्तर पर मजबूत संगठन से ही पड़ती है। इसलिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना होगा और सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचानी होगी।
बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।
