रांची

झारखंड के घाटशिला उपचुनाव में झामुमो उम्मीदवार को भारी बढ़त, जीत लगभग तय

पूर्वी सिंहभूम, 14 नवंबर । झारखंड की घाटशिला विधानसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना जारी है। 15वें राउंड की गिनती पूरी होने तक झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन पर करीब 29,500 वोटों की निर्णायक बढ़त बना ली है।

घाटशिला उपचुनाव में झामुमो उम्मीदवार की बढ़त लगातार राउंड दर राउंड बढ़ती जा रही है, जिसके बाद झामुमो खेमे में उत्साह और जश्न का माहौल है। समर्थकों ने जीत लगभग तय मानते हुए परिसर में नारेबाजी शुरू कर दी है।

चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, झामुमो के सोमेश चंद्र सोरेन को सबसे अधिक वोट मिले हैं, जबकि भाजपा के बाबूलाल सोरेन दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। तीसरे स्थान पर भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के पंचानन सोरेन हैं। अन्य उम्मीदवारों को भी मत मिले हैं, लेकिन मुकाबला मुख्य रूप से झामुमो और भाजपा के बीच ही है।

मतगणना में भाजपा के बाबूलाल सोरेन को 50,314 वोट, झामुमो के सोमेश चंद्र सोरेन को 79,547 वोट, भारत आदिवासी पार्टी के पंचानन सोरेन को 8,284 वोट, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) की पार्वती हांसदा को 3,065 वोट और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के रामदास मुर्मू को 10,956 वोट मिले हैं। निर्दलीय उम्मीदवारों सहित अन्य प्रत्याशियों में नारायण सिंह को 1,737, परमेश्वर टुडू को 1,178, बसंत कुमार तोपनो को 1,189, मनसा राम हांसदा को 783, मनोज कुमार सिंह को 3,171, रामकृष्ण कांति माहली को 2,631, विकास हेम्ब्रम को 784, डॉ. श्रीलाल किस्कू को 1,229 वोट मिले हैं। इसके अलावा नोटा में 2,251 वोट दर्ज हुए हैं।

लगातार बढ़त के साथ झामुमो उम्मीदवार सोमेश सोरेन की जीत लगभग तय मानी जा रही है। हालांकि, अभी आधिकारिक घोषणा बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *