खेलरांची

69वीं राष्ट्रीय स्कूली बॉक्सिंग में झारखंड के नन्हे मुक्केबाजों का दमदार प्रदर्शन


अंडर-14 बालक वर्ग में दो कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया राज्य का मान

रांची।
मध्य प्रदेश के गुना ज़िले स्थित उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बॉक्सिंग प्रतियोगिता (एसजीएफआई) में झारखंड के नन्हे बॉक्सरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य को गौरवान्वित किया है। अंडर-14 बालक वर्ग में झारखंड के खिलाड़ियों ने दो कांस्य पदक अपने नाम किए।

यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 26 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक आयोजित की गई, जिसमें देश के 34 राज्यों एवं इकाइयों के लगभग 350 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के नेतृत्व में झारखंड की टीम ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। टीम का नेतृत्व कोच/मैनेजर प्रवीण कुमार सिंह एवं अशरफ अली ने किया।

प्रतियोगिता में झारखंड के आकाश रजक ने अंडर-36 किलोग्राम भार वर्ग में तथा राहुल कर्मकार ने अंडर-42 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।

इस उपलब्धि पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2025 के अंतिम दिन राष्ट्रीय स्तर पर दो पदक जीतना राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इसे झारखंड में उभरती खेल प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य का संकेत बताया।

इस उल्लेखनीय सफलता पर माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग सहित राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने खिलाड़ियों, कोच एवं टीम प्रबंधन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *