राष्ट्रीय जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए झारखंड की अंडर-18 टीमें रवाना

रांची, 13 दिसंबर 2025। झारखंड वॉलीबॉल संघ के तत्वावधान में झारखंड की अंडर-18 जूनियर वॉलीबॉल टीमें (पुरुष एवं बालिका) राष्ट्रीय जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शनिवार को रांची रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के लिए रवाना हुईं। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता 15 दिसंबर 2025 से राजस्थान के झुंझुनूं में आयोजित की जा रही है, जहां झारखंड की टीमें राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड राज्य से कुल 30 सदस्यीय दल भाग ले रहा है। टीम के प्रस्थान के अवसर पर रांची रेलवे स्टेशन पर झारखंड वॉलीबॉल संघ के पदाधिकारी, खेल प्रेमी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन और सफलता की कामना की।
झारखंड जूनियर बालक वॉलीबॉल टीम में आकाश तांती, प्रेम यादव, सच्चिदानंद राणा, सत्यम बाघ, तौसीफ, रोनी भट्टाचार्य, आयुष राज, रौनक कुमार, अभिषेक कुमार, अनीशेक कुमार, आशीष कुमार और अनित कुमार शामिल हैं।
वहीं बालिका वर्ग में रसगुल्ली कुमारी, आशा कुमारी, पूनम कुमारी, बसंती कुमारी, सोनाली मरांडी, मोनालिका कुमारी, आलिया झा, आरती कुमारी, विशाखा यादव, तनीषा कुमारी, रिया कुमारी और कोमल मुखी झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इस अवसर पर झारखंड वॉलीबॉल संघ के उपाध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह खरे एवं श्री उपेन्द्र सिंह, सचिव श्री उत्तम राज, कार्यकारी सचिव श्री संजय कुमार, आयोजन सचिव श्री संजय कुमार ठाकुर तथा कोषाध्यक्ष श्री विकास वर्मा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा संघ के संरक्षक शेखर बोस, कार्यकारी अध्यक्ष सुनील सहाय एवं अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि झारखंड की दोनों टीमें इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेंगी। खिलाड़ियों के साथ पुरुष वर्ग के प्रशिक्षक श्री संदीप कुमार एवं श्री देवाशीष झा तथा बालिका वर्ग की प्रशिक्षक सुश्री अर्चना कुमारी एवं श्री विवेक उरांव भी मौजूद हैं, जो खिलाड़ियों को तकनीकी, शारीरिक और मानसिक रूप से मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
झारखंड वॉलीबॉल संघ ने उम्मीद जताई है कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए अनुभव बढ़ाने के साथ-साथ भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मजबूत मंच साबित होगी।
