राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए झारखंड की U-20 टीम रवाना, खिलाड़ियों को खेल किट देकर दी गई विदाई
रांची: रांची से U-20 जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता (फ्रीस्टाइल/ग्रीको रोमन एवं महिला वर्ग) के लिए झारखंड की टीम छत्तीसगढ़ के भिलाई (दुर्ग) रवाना हो गई। यह प्रतियोगिता 10 से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जा रही है।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए झारखंड कुश्ती टीम में कुल 14 सदस्य शामिल हैं, जिनमें 10 महिला पहलवान और 4 प्रशिक्षक शामिल हैं। टीम के रवाना होने से पहले खेल विभाग, झारखंड सरकार के सहयोग से खिलाड़ियों को ट्रैक सूट और खेल किट प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया।
टीम में शामिल महिला पहलवानों में पूनम उरांव (50 किग्रा), रिया कुमारी (53 किग्रा), नेहा उरांव (55 किग्रा), स्नेहा कुमारी (57 किग्रा), सिमरन बिलचन मिंज (59 किग्रा), कुमकुम कुमारी नायक (62 किग्रा), अनन्या डे (65 किग्रा), वैष्णवी ठाकुर (68 किग्रा), सांझ कुमारी (72 किग्रा) और सुष्मिता कुमारी (76 किग्रा) शामिल हैं।
वहीं टीम के प्रशिक्षकों में रिंपा कुमारी, चंचला कुमारी, मृत्युंजय नाथ चौधरी और सुशांत सौरव शामिल हैं।
टीम को रवाना करने के अवसर पर झारखंड राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष जीशान कमर, अभिभावक के रवि कुमार, खेल निदेशक आसिफ इकराम, मार्गदर्शक भोलानाथ सिंह, महासचिव रजनीश कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
सभी ने आशा जताई कि झारखंड की टीम प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेगी।
